home page

ग्वालियर में यूपी के युवक ने की आत्महत्या, पेट दर्द का कहकर काम से लौटा था, भाई ने देखा फंदे पर लटका

 | 
ग्वालियर में यूपी के युवक ने की आत्महत्या, पेट दर्द का कहकर काम से लौटा था, भाई ने देखा फंदे पर लटका


ग्वालियर, 06 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में रविवार रात एक 19 वर्षीय मजदूर युवक ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और ग्वालियर में अपने भाई के साथ रहता था।

बहोड़ापुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का रहने वाला 19 वर्षीय शिवा सविता अपने 17 वर्षीय चचेरे भाई सत्यम सविता के साथ टीपी नगर में किराए का कमरा लेकर रहता था। दोनों भाई ग्वालियर में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे और अपना जीवनयापन कर रहे थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों भाई रोज की तरह अपने काम पर गए थे। काम के दौरान ही अचानक शिवा ने सत्यम से शिकायत की कि उसके पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा है और वह आराम करने के लिए कमरे पर जा रहा है। इसके बाद शिवा काम बीच में ही छोड़कर अकेले कमरे पर लौट आया, जबकि सत्यम वहीं रुककर काम करता रहा।

शाम को करीब 6 बजे काम खत्म होने के बाद चचेरा भाई सत्यम अपने कुछ दोस्तों के साथ बाहर घूमने चला गया था। रात को जब वह वापस अपने किराए के कमरे पर लौटा, तो मकान का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद था। सत्यम ने भाई को आवाजें दीं और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल या जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब सत्यम ने कमरे की खिड़की से झांककर अंदर देखा, तो उसके होश उड़ गए, अंदर शिवा फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत इस घटना की सूचना बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बहोड़ापुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस को घटनास्थल की सघन तलाशी के दौरान कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। मौत की असल वजह जानने के लिए पुलिस ने मृतक शिवा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब साइबर टीम की मदद से उसकी कॉल डिटेल्स, अंतिम चैट्स और सोशल मीडिया एक्टिविटी की बारीकी से जांच की जाएगी।

पुलिस ने घटना की सूचना फतेहपुर (यूपी) में रह रहे मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के ग्वालियर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत