home page

युवाओं के हक, रोजगार और शिक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस: जीतू पटवारी

 | 
युवाओं के हक, रोजगार और शिक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस: जीतू पटवारी


- शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग, 14 जुलाई से निकलेगी 'युवा स्वाभिमान 'जेन-जी साइक्लोथॉन'

भोपाल, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की है। शनिवार को राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और प्रियव्रत सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। पत्रकार वार्ता में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित युवा मामलों की समिति के सदस्य मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और बेरोजगारी ने प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आईं और सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी पद रिक्त हैं, लेकिन नियमित और समयबद्ध भर्ती नहीं हो रही है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार से वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू करने, भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने, परीक्षा निरस्त होने पर अभ्यर्थियों की फीस लौटाने, पेपर लीक मामलों की त्वरित जांच तथा स्वतंत्र भर्ती आयोग के गठन की मांग करती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड लागू कर सभी विद्यार्थियों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की पक्षधर है।

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए संस्थागत सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त कर निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जाना चाहिए।

पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर असमंजस की स्थिति में है। उन्होंने बताया कि युवाओं की समस्याओं और अधिकारों को लेकर कांग्रेस 14 जुलाई से 'युवा स्वाभिमान Gen-Z साइक्लोथॉन' की शुरुआत करेगी। यह यात्रा इंदौर से शुरू होकर देवास और सीहोर होते हुए 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना और सरकार का ध्यान उनकी समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं के अधिकार, रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा आवश्यक सुधारों की मांग को लेकर जनआंदोलन चलाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे