home page

अनूपपुर: गोबर गैस टंकी की सफाई के दौरान मेढ़ पैर फिसला युवक की मौत

 | 
अनूपपुर: गोबर गैस टंकी की सफाई के दौरान मेढ़ पैर फिसला युवक की मौत


अनूपपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के सेमरवार गांव में गोबर गैस टंकी में गिरने से 40 वर्षीय अजय सिंह राठौर की मृत्यु हो गई। घर के पास बनी टंकी की सफाई के दौरान पैर फिसलने से यह हादसा हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार अजय सिंह राठौर पिछले 20 वर्षों से अपने घर के पास बने गोबर गैस कुएं की सफाई का काम करते आ रहे थे। शुक्रवार शाम जब वह टंकी की सफाई के लिए पहुंचे, तो अचानक कुएं की मेढ़ पर उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गोबर से भरे कुएं के अंदर जा गिरे। इस दौरान घर में मौजूद मां और पत्नी ने कुएं की तरफ से मदद की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने अजय को गोबर के बीच फंसा देखा और तुरंत पड़ोसियों को बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से अजय को बाहर निकालकर उनके शरीर की सफाई की गई। चोट की आशंका को देखते हुए परिजन अजय को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर रवाना हुए। जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई, स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. हिमांशु पांडे ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर की सूचना पर जैतहरी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक के पिता विजय सिंह राठौर किशोर न्याय बोर्ड अनूपपुर के सदस्य हैं। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला