home page

अनूपपुर: बाइक अनियंत्रित होकर पाइप से टकराई युवक की मौत

 | 
अनूपपुर: बाइक अनियंत्रित होकर पाइप से टकराई युवक की मौत


अनूपपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में गुरूवार को सड़क हादसे में घायल 31 वर्षीय राजेंद्र कुमार केवट की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सहायता केंद्र ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस सहायता केंद्र जिला अस्पताल प्रभारी कमलेश प्रसाद ने बताया कि मृतक राजेंद्र कुमार केवट पुत्र नंदलाल केवट, निवासी रेउंदा, थाना रामनगर, गुरूवार को बेलिया गांव के पेट्रोल पंप से डीजल लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के लिए राजेंद्र ने अपनी बाइक सड़क किनारे उतारी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी एक पाइप से जा टकराई। इस घटना में राजेंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी और उनके हाथ की हड्डी टूट गई। परिजनों को सूचना मिलने पर उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों के अनुसार, मृतक राजेंद्र खेती-किसानी का काम करते थे और उनके चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 वर्ष से कम है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला