जबलपुर क्रूज हादसे पर गरमाई सियासत, भोपाल में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा
- कांग्रेस ने हादसे के लिए पर्यटन मंत्री को ठहराया जिम्मेदार
भोपाल, 03 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना के लिए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी को जिम्मेदार ठहराते हुए रविवार को राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली।
भोपाल के जवाहर बाल भवन से शुरू हुई इस रैली को पुलिस ने प्रकाश तरण पुष्कर के पास बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की। हालांकि, कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे और इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में निकाले गए इस विरोध प्रदर्शन में प्रतीकात्मक रूप से 11 शवों की शव यात्रा निकाली गईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने इन अर्थियों को बैरिकेड की ओर फेंककर अपना आक्रोश जताया। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर कर दिया।
गौरतलब है कि बाते गुरुवार (30 अप्रैल) को शाम तेज आंधी-तूफान के चलते मप्र टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में डूब गया था। क्रूज में करीब 47 पर्यटक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से शुरुआत दो दिनों में तक चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 29 लोगों को बचा लिया गया था, जबकि हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

