home page

राजगढ़ः बांध में नहाते समय डूबा युवक, तलाश जारी

 | 
राजगढ़ः बांध में नहाते समय डूबा युवक, तलाश जारी


राजगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र स्थित भूतियाबे बांध में बुधवार सुबह एक युवक नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर राजगढ़ से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार माचलपुर निवासी 30 वर्षीय जगदीश वर्मा बुधवार सुबह भूतियाबे बांध पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले वह नहाने के लिए बांध में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वह उनकी पहुंच से दूर चला गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

बताया जा रहा है कि युवक सुबह करीब 11 बजे बांध में डूबा था और घंटों बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर माचलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया। बांध में अधिक पानी और गहराई के कारण तलाश अभियान में कठिनाई आने पर राजगढ़ से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राहत और बचाव कार्य जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक