home page

राजगढ़ः घर में फंदे पर लटका मिला 23 वर्षीय युवक का शव, जांच शुरू

 | 
राजगढ़ः घर में फंदे पर लटका मिला 23 वर्षीय युवक का शव, जांच शुरू


राजगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खुजनेर रोड पर एक 23 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता तब चला जब देर रात उसका बड़ा भाई घर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात खुजनेर रोड मंडी गेट के सामने रहने वाले आनंद (23) पुत्र कमल साहू ने कमरे में कुंदे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया गया कि उसका बड़ा भाई इंदौर में रैपिडो चलाता है। देर रात घर लौटने पर जब उसने दरवाजा खोला तो आनंद फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आनंद के पिता का कोरोना काल में निधन हो गया था। वे घूमघाटी क्षेत्र में दुकानदारी करते थे। परिवार की आजीविका बैंक में जमा राशि के ब्याज से चल रही थी। घटना के समय युवक की मां किसी काम से रिश्तेदारी में गई हुई थीं। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक