home page

राजगढ़ः युवक की मौत के बाद परिजनों ने थाने के सामने किया हंगामा

 | 
राजगढ़ः युवक की मौत के बाद परिजनों ने थाने के सामने किया हंगामा


राजगढ़,26 मार्च (हि.स.)। लीमाचौहान थाना क्षेत्र के ग्राम दराना में पारिवारिक विवाद के चलते पांच दिन पहले जहरीला पदार्थ सेवन करने वाले 28 वर्षीय बालू वर्मा की इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार देर रात आई इस दुखद खबर के बाद गुरुवार को परिजन शव को लेकर थाने पहुँचे और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जोरदार हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार दो सप्ताह पूर्व बालू वर्मा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके गोंदलमऊ चली गई थी। इस पर युवक ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझाइश दी, लेकिन पत्नी ने वापस आने से इंकार कर दिया। मानसिक तनाव के चलते बालू वर्मा ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में परिजन उसे इंदौर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन आरोप लगा रहे थे कि पुलिस ने समय पर उचित कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण युवक ने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह और थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी मौके पर पहुँचे और परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया और स्थिति सामान्य हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक