home page

राजगढ़: पुलिया से नीचे गिरा मजदूर, बिजली के तार की चपेट में आने से मौत

 | 
राजगढ़: पुलिया से नीचे गिरा मजदूर, बिजली के तार की चपेट में आने से मौत


राजगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के बरग्या गांव के बाहर शुक्रवार सुबह पुलिया के नीचे एक 40 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि गुरुवार रात घर लौटते समय वह पुलिया से नीचे गिर गया और वहां से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अमृत (40) पुत्र भागचंद वर्मा निवासी बरग्या के रूप में हुई है। वह एक ढाबे पर मजदूरी करता था और रोजाना रात में काम खत्म होने के बाद घर लौटता था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

करनवास थाना प्रभारी संगीता शर्मा के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। आशंका है कि गुरुवार रात वह शराब के नशे में घर लौट रहा था अथवा पुलिया पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और बिजली के तार की चपेट में आ गया।

पुलिस को घटनास्थल पर बिजली के तार में कट होने की जानकारी भी मिली है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और बिजली के तार में कट लगने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक