home page

अनूपपुर: जंगल में लकड़ी काटते पेड़ से गिरकर युवक की मौत

 | 
अनूपपुर: जंगल में लकड़ी काटते पेड़ से गिरकर युवक की मौत


अनूपपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सकोला बीट के जंगल में शुक्रवार की दोपहर लकड़ी काटने के लिए पेड़ पर चढ़े युवक की पेड़ से गिरकर मौत हो गई।

थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि 25 वर्षीय गुड्डू बसोर शुक्रवार को साइकिल से लकड़ी काटने जंगल गया था। जहां जमुना कॉलोनी वर्कशॉप के पीछे स्थित सरई के जंगल में वह लगभग 30 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल भालूमाड़ा क्षेत्र में होने के कारण डायरी वहां भेजी जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को मिर्गी की बीमारी भी थी, जिसके कारण गिरने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि विभाग की निष्क्रियता के कारण जंगलों में अवैध लकड़ी कटाई का कार्य लगातार जारी है, जिससे तेजी से जंगलों का सफाया हो रहा है।

इस संबंध में कोतमा रेंजर हरीश तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला