इंस्टाग्राम की दोस्ती पड़ी भारी: रीवा में युवती से दुष्कर्म, आरोपी हिरासत में
रीवा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय के बाद मिलने बुलाकर एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।
परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा के अनुसार घटना 27 फरवरी 2026 की है। देर रात पीड़िता के परिजन थाने पहुंचे और बताया कि उनकी बेटी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी। सहेली से मिलने के बाद वह अपने एक इंस्टाग्राम मित्र के साथ चली गई, जहां आरोपी ने उसके साथ गलत कृत्य किया। घर लौटने पर युवती ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार तत्काल उसे लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से जुड़े सुराग
प्रारंभिक पूछताछ में पीड़िता घटना स्थल और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। ऐसे में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए युवती द्वारा बताए गए संभावित रास्तों और स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से तथ्यों की पुष्टि की गई। साक्ष्य मिलने के बाद सिविल लाइन थाने की महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बिछिया क्षेत्र का निवासी है। उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वारदात की योजना किस प्रकार बनाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया के प्रति सतर्क रहने की जरूरत
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अंजान लोगों से दोस्ती के खतरों को उजागर किया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों और किशोरों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

