home page

राजगढ़ः यादवजी की लव स्टोरी फिल्म का टाइटल बदलने की मांग को लेकर समाज ने सौंपा ज्ञापन

 | 
राजगढ़ः यादवजी की लव स्टोरी फिल्म का टाइटल बदलने की मांग को लेकर समाज ने सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को फिल्म यादवजी की लवस्टोरी के शीर्षक को लेकर यादव समाज ने पीपल चौराहा ब्यावरा पर फिल्म निर्माता निर्देशक के खिलाफ नारेबाजी करते विरोध प्रदर्शन किया साथ ही फिल्म के टाइटल बदलने की मांग को लेकर समाज ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

समाज ने चेतावनी दी है कि फिल्म का टाइटल बदलकर फिल्म पर तत्काल रोक लगाई जाए अन्यथा समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में समाजजन का कहना है कि फिल्म के निर्माता निर्देशक ने यादवजी की लवस्टोरी में यादव समाज की बेटियों को बदनाम करने के लिए दूसरे समुदाय के लड़के के साथ प्रेम कहानी बताई है, निर्माता निर्देशक द्वारा समाज का माहौल खराब करने के लिए धार्मिक एवं जाति भेदभाव बढ़ाने के दुराशय से फिल्म का निर्माण किया साथ ही उसे रिलीज करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें यादव समाज की लड़की एवं दूसरे समुदाय का लड़का बताया गया है, जिससे देशभर में हिन्दू समाज व यादव समाज की भावनाएं गंभीर रुप से आहत हुई है। उक्त फिल्म के द्वारा समाज में गलत मैसेज दिया जा रहा है, जिससे समाज आक्रोशित है।

यादव समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि फिल्म का टाइटल बदलकर तत्काल रोक लगाई जाए अन्यथा समाज उग्र आंदोलन करेगा साथ ही सिनेमाघरों में फिल्म को चलने नही दिया जाएगा। इस दौरान समाज के महेन्द्र यादव, लक्ष्मीनारायण यादव सहित बड़ी तादाद में समाजजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक