home page

विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

 | 
विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात


भोपाल, 31 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल के आदिवासी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, आदिवासी क्षेत्रों की शासकीय संस्थाओं के निजीकरण पर रोक लगाने और रीवा में आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की हत्या के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस पर राज्यस्तरीय सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, आदिवासी क्षेत्रों के शासकीय आईटीआई, छात्रावासों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के निजीकरण पर तत्काल रोक लगाने तथा रीवा आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की हत्या के दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक फूंदेलाल मार्को, केदार डाबर, झूमा सोलंकी, संजय उइके और सुनील उइके भी मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को पूरी गंभीरता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस पर राजकीय अवकाश घोषित करने, आदिवासी छात्रावासों व अन्य शासकीय संस्थानों के निजीकरण पर रोक लगाने, जर्जर छात्रावासों की स्थिति में सुधार करने तथा रीवा हत्याकांड के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

सिंघार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा, आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे