राजगढ़ः विश्व पृथ्वी दिवस पर जिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजगढ़, 22 अप्रैल(हि.स.)। विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जिला चिकित्सालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में नर्सिंग स्टाफ सहित अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधारोपण से हुई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत अस्पताल परिसर, वार्डों तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त समाज जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर व रंगोलियां प्रदर्शित कीं। इसके साथ ही पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

