home page

बैतूल में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढही, झोपड़ी में सो रहे मजदूर की मौत, साथी घायल, एसडीआरएफ ने मलबे से निकाला शव

 | 
बैतूल में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढही, झोपड़ी में सो रहे मजदूर की मौत, साथी घायल, एसडीआरएफ ने मलबे से निकाला शव


बैतूल में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढही, झोपड़ी में सो रहे मजदूर की मौत, साथी घायल, एसडीआरएफ ने मलबे से निकाला शव


बैतूल, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में गुरुवार तड़के मूसलाधार बारिश के बीच गंज थाना क्षेत्र में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों मजदूर रेलवे की दीवार से सटी झोपड़ी में सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे मजदूर का शव बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार हादसा तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई और उसके सहारे बनी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी पूरी तरह मलबे में दब गई। हादसे में ग्राम देवखापा (खापा), जिला पांढुर्ना निवासी राहुल उइके (27) पुत्र चरण उइके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजस्थान निवासी शनि सिंह (35) पुत्र लखविंदर सिंह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। दोनों लंबे समय से उक्त झोपड़ी में रहकर मजदूरी कर रहे थे।

इस मानसून की सबसे अधिक बारिश

बुधवार रात से बैतूल में इस मानसून की सर्वाधिक 93.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल कमजोर होकर ढह गई, जिससे यह हादसा हुआ।

एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना प्रभारी नीरज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ निरीक्षक सुनीता पंद्रे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और राहुल उइके का शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार राहुल उइके अविवाहित थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है तथा उनकी बहनें हरदा जिले में रहती हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके बैतूल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में भारी बारिश के कारण बाउंड्री वॉल गिरना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। रेस्क्यू अभियान में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे