home page

अनूपपुर: टीम भावना से करें कार्य, विभागीय समन्वय से जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण करें - दिलीप जायसवाल

 | 
अनूपपुर: टीम भावना से करें कार्य, विभागीय समन्वय से जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण करें - दिलीप जायसवाल


अनूपपुर: टीम भावना से करें कार्य, विभागीय समन्वय से जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण करें - दिलीप जायसवाल


अनूपपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतमा नगर के मंगल भवन में शुक्रवार को जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने जनसमस्याओं के निराकरण, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आयोजित ये शिविर संवेदनशील एवं भावनात्मक पहल हैं, जिनका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना है। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करें। वरिष्ठ अधिकारी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और विभागीय समन्वय के साथ आमजन को राहत प्रदान करें।

राज्य मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में अनूपपुर जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएं। विद्यार्थियों की पढ़ाई की नियमित समीक्षा की जाए तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने नगरीय विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाए तथा कमियां पाए जाने पर उनका तत्काल निराकरण कराया जाए। शासकीय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं सड़क से संबंधित समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जाए।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने शिविर कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी अधिकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रयासों से प्रगति हो रही है। अधिकारी आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

शिविर में राज्य मंत्री एवं कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन एवं कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपस्थित नागरिकों को दी। ग्रामीणों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उनसे मिलने वाले लाभों के संबंध में बताया गया। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।

ग्राम क्योंटार में गौशाला भवन का किया लोकार्पण

कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने जनपद पंचायत कोतमा अंतर्गत ग्राम क्योंटार में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित गौशाला भवन का लोकार्पण किया।

गौशाला में गोवंश के रखरखाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित होने से उनके संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, निराश्रित गोवंश की देखभाल को व्यवस्थित बनाने में भी सहायता मिलेगी।

गौशाला भवन के लोकार्पण से ग्राम में गोवंश के सुरक्षित रखरखाव एवं नियमित देखभाल के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। गौशाला का समुचित संचालन और देखभाल होने से निराश्रित गोवंश के संरक्षण के उद्देश्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला