कटनी जिला अस्पताल की निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत से महिला ने लगाई छलांग, हालत गंभीर
कटनी, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला निर्माणाधीन तीन मंजिला भवन की छत पर पहुंच गई और कुछ ही देर बाद वहां से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की नजर निर्माणाधीन इमारत की छत पर खड़ी महिला पर पड़ी तो वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने महिला को नीचे नहीं कूदने और शांत रहने के लिए आवाज लगाई। कुछ लोग उसे बचाने के लिए तत्काल भवन की ओर दौड़े और ऊपर पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन उनके छत तक पहुंचने से पहले ही महिला ने नीचे छलांग लगा दी।
महिला के नीचे गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल उसे उठाकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया।
सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि महिला का इलाज किया जा रहा है। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी ली है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला अस्पताल परिसर में कब पहुंची और किन परिस्थितियों में निर्माणाधीन भवन की छत तक गई।
पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। उसके होश में आने और पहचान सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने निर्माणाधीन भवन से छलांग क्यों लगाई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

