home page

राजगढ़ः चलती ट्रेन में महिला ने बच्ची को दिया जन्म, यात्री दंपत्ति बना मददगार

 | 
राजगढ़ः चलती ट्रेन में महिला ने बच्ची को दिया जन्म, यात्री दंपत्ति बना मददगार


राजगढ़, ०2 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा-रुठियाई के बीच मंगलवार सुबह राजस्थान के धौलपुर जिले से गुजरात के सूरत जा रही एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया। अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर ट्रेन में सफर कर रहे अयोध्या के एक दंपत्ति ने सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। बाद में आरपीएफ की मदद से महिला और नवजात को ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों स्वस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार धौलपुर जिले के बसेड़ी निवासी 30 वर्षीय रेखा अपने पति के पास सूरत जा रही थीं। उनका गर्भावस्था का नौवां महीना चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा के दौरान रुठियाई-ब्यावरा रेलखंड के बीच उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कोच में मौजूद अयोध्या निवासी विजयपाल सिंह और उनकी पत्नी ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद की। अन्य महिलाओं के सहयोग से चलती ट्रेन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और रेखा ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ ने ब्यावरा स्टेशन पर ट्रेन रुकवाकर एंबुलेंस की व्यवस्था की और जच्चा-बच्चा को सिविल अस्पताल पहुंचाया। आरपीएफ थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि सुबह 5ः03 बजे ट्रेन के ब्यावरा पहुंचने पर महिला को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मां और नवजात दोनों को स्वस्थ बताया। रेखा ने बताया कि चिकित्सक ने डिलीवरी के लिए एक माह बाद की तारीख बताई थी, लेकिन सफर के दौरान अचानक प्रसव हो गया। इस घटना ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक