राजगढ़ः रिश्तेदारी में जा रहे दंपती की बाइक फिसली, सिर में चोट लगने से महिला की मौत
राजगढ़, 28 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भैरवाखेड़ी के समीप सोमवार दोपहर बाइक फिसलने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजन और राहगीर उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नहराली निवासी हरीसिंह सोंधिया अपनी पत्नी गीताबाई (60) के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान भैरवाखेड़ी गांव के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में गीताबाई बाइक से गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। भारत पुत्र प्रताप मंडलोई मौके पर पहुंचे और गंभीर घायल गीताबाई को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर फिसली, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की अचानक मौत की खबर से नहराली गांव में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

