home page

राजगढ़ः जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

 | 
राजगढ़ः जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


राजगढ़, 08 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के जमुनागंज में सोमवार की रात जहरीला पदार्थ खाने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जमुनागंज निवासी कालीबाई उर्फ गायत्री (30) पत्नी दीवानसिंह बंजारा ने सोमवार रात अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे शाजापुर रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि महिला को मायके वालों से संपर्क करने से भी रोका जाता था। उन्होंने महिला के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान होने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक