home page

राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति और बेटियां घायल

 | 
राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति और बेटियां घायल


राजगढ़, ०1 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम धनोरा जोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो छोटी बेटियां घायल हो गईं। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीती रव‍िवार रात हाइवे स्थित ग्राम धनोरा जोड़ के समीप पीछे से जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दीपक मोंगिया (35),उसकी पत्नी पूजा मोंगिया (30) और छोटी-छोटी दो बेटियां घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल सारंगपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने पूजा मोंगिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक और दोनों बच्चियों का उपचार जारी है। बताया गया है दीपक मोंगिया अपने परिवार के साथ शाजापुर से ग्राम छायन जा रहा था। इसी दौरान ग्राम धनोरा के समीप सड़क हादसे का षिकार हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। महिला की असमय मौत से परिजनों और गांव में शोक की लहर फैल गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक