home page

(अपडेट) राजगढ़ः तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से महिला की मौत,पति समेत तीन घायल

 | 
(अपडेट) राजगढ़ः तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से महिला की मौत,पति समेत तीन घायल


राजगढ़, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र में सारंगपुर रोड पर शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति सहित तीन लोग घायल हो गए।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा तलेन-सारंगपुर रोड पर श्मशान घाट के समीप हुआ।

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी-09 एके-2600 ने सामने जा रही बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में इकलेरा निवासी हनीफ (42)पुत्र सलीम खान, उनकी पत्नी मुमताज बी (38) और रिश्तेदार आयशाबी (32) पत्नी आजाद खां गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्कॉर्पियो चालक कोड़ियाखेड़ी निवासी सूरज लववंशी (26) को भी चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। हादसे के दौरान स्कॉर्पियो के एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन में सवार अन्य लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से शुजालपुर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल मुमताज बी ने दम तोड़ दिया। वहीं आयशाबी का हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हनीफ खान और स्कॉर्पियो चालक सूरज लववंशी सहित अन्य घायलों का उपचार जारी है। मुमताज बी की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। तलेन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक