home page

राजगढ़ः कुएं में मिला 23 वर्षीय महिला का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप

 | 
राजगढ़ः कुएं में मिला 23 वर्षीय महिला का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप


राजगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पदमपुरा में एक 23 वर्षीय महिला का शव गहरे कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात ग्राम पदमपुरा निवासी ममता बाई सोंधिया का शव गांव के कुएं में मिला, जो सुबह से ही लापता थी। कुएं के बाहर महिला की चप्पल मिलने के बाद गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया। इधर, महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के करीब छह माह बाद से ही ममता को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उसे ताने दिए जाते थे कि उसके पिता ने शादी में पर्याप्त दहेज नहीं दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान ससुराल पक्ष ने ममता का मोबाइल तोड़ दिया था, जिससे वह मायके वालों से संपर्क नहीं कर पाती थी। दहेज विवाद बढ़ने पर वह कुछ समय मायके में रहने लगी थी। बाद में उसका पति नरेंद्र उसे वापस ससुराल ले गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक