home page

इंदौर में महिला ने की आत्महत्या, तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टर के पास जाने से किया था मना

 | 
इंदौर में महिला ने की आत्महत्या, तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टर के पास जाने से किया था मना


इंदौर, 25 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सोमवार को एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तुकोगंज क्षेत्र में महिला ने बीमारी के बाद डॉक्टर के पास जाने से इंकार करने के कुछ ही घंटों बाद यह कदम उठा लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तुकोगंज थाना क्षेत्र के अमर टेकरी इलाके में रहने वाली 25 वर्षीय दीक्षा पति विपिन टटवाडे ने सोमवार तड़के अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति विपिन, जो पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं, उसने पुलिस को बताया कि रविवार को दीक्षा की तबीयत काफी खराब थी। उन्होंने उसे अस्पताल चलकर डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा, लेकिन दीक्षा ने साफ मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने पास के ही एक क्लीनिक के डॉक्टर को घर बुलाकर ड्रिप चढ़वाने की बात की । लेकिन उनके बेटे ने उन्हें फोन कर बताया था कि मां इलाज कराने के लिए बिल्कुल राजी नहीं हो रही है। रविवार रात को दीक्षा काफी देर तक मोबाइल चलाती रही, जबकि विपिन और बच्चे सो गए थे।

सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब विपिन की नींद खुली, तो दीक्षा बिस्तर पर नहीं थी। जब उन्होंने घर में उसकी तलाश की, तो वह दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली। विपिन तुरंत उसे फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विपिन और दीक्षा की शादी को करीब 10 साल हो चुके थे और उनके दो बेटे हैं। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत