अनूपपुर: झमाझम बारिश के बीच गणपति बप्पा..अगले बरस.. जल्दी आ के साथ प्रथम पूज्य श्रीगणेश को नम आंखों से बिदाई
अनूपपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले 10 दिनों से प्रथम पूज्य देव गणपति की पूजा अर्चना अनंत चतुर्दशी के मौके पर हवन पूजन के साथ सम्पन्न हुई, जहां दोपहर से देर रात तक झमाझम बारिश के बीच प्रतिमाओं का विसर्जित जारी हैं। इस दौरान जिलेभर के नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में अस्थाई कुंड बनाकर प्रतिमाओं को विसर्जित कराया गया।
इस मौके पर हरेक कुंड और पूजा पंडालों से लेकर कुंड तक पहुंचने वाले सभी मार्ग गणपति अपने धाम चले..,गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के मर्म गीतों से गुंजायमान रहा। वहीं दिनभर लगातार जारी बारिश में कुंड पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगरीय प्रशासन अलर्ट रहा।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जिले में 226 स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। जिसमें गुरुवार शाम को कुछ स्थानों पर प्रतिमाएं विसर्जित की गई। जबकि हिन्दु पंचाग के अनुसार अंनत चतुर्दशी पर आज जिलेभर में बने कुंडों में 217 प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। वहीं अमरकंटक में 23 तीन दिनों में 100 अधिक गणेश प्रतिमाएं विसर्जन कुंड में विसर्जित की गईं। वहीं जिले में अनंत चतुर्दशी के मौके पर शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने यातायात विभाग ने सभी प्रकार के भारी वाहनों के नो-एंट्री में दी जाने वाली छूट को अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया है।
जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि गणेश विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। इस दौरान नागरिकों की सुरक्षाको देखते हुए सभी प्रकार के परमिशन प्राप्त भारी वाहनों की अनुमति भी निरस्त की दी गई है। विसर्जन अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जबकि अति आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों के संबंध में आवश्यकता एवं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अलग निर्णय लिया जाएगा।
यातायात विभाग की जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिला मुख्यालय में 17 प्वाइंट बनाए गए हैं, जबकि विसर्जन कुंड के पास वाहनों की तादाद और भीड़ को देखते हुए 4 पॉइंट बनाए गए हैं। विसर्जन के दौरान बाइक या शराब पीकर वाहन चलाने और नो एंट्री के लिए जारी निर्देशों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन पर एमवी एक्ट सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब ने बताया कि अनूपपुर में 217 बड़ी छोटी झाकियों, जिनमें 82 बड़ी झाकियां शामिल है के साथ गणपति विसर्जन कराया जा रहा है। अनूपपुर, अमरकंटक, बिजुरी, जैतहरी, कोतमा, राजनगर, रामनगर, सहित अन्य मुख्य स्थानों पर गणपति विसर्जन के लिए बनाए गए अस्थाई कुंड की सुरक्षा में 350 बलों को लगाया गया है। जबकि 1डीएसपी सहित 25 अतिरिक्त पीटीएस उमरिया से बल उपलब्ध कराए गए हैं। कुंड पर रोशनी के साथ मुख्य कुंड पर क्रेन और गोताखोरों की भी व्यवस्था बनाई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

