home page

शहडोल: बाघों के ठिकाने पर गूंज रही शहनाई, डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बना बांधवगढ़

 | 
शहडोल: बाघों के ठिकाने पर गूंज रही शहनाई, डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बना बांधवगढ़


शहडोल: बाघों के ठिकाने पर गूंज रही शहनाई, डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बना बांधवगढ़


- नवंबर में एक दर्जन से अधिक की बुकिंग

शहडोल, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश का प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अब केवल बाघों के दीदार और रोमांचक टाइगर सफारी के लिए ही नहीं, बल्कि शाही अंदाज में विवाह समारोह आयोजित करने के लिए भी देश-दुनिया के लोगों की पसंद बनता जा रहा है। शहरों की भागदौड़, भीड़भाड़ और पारंपरिक विवाह आयोजनों से अलग हटकर लोग अब जंगल के प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के बीच सात फेरे लेने को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही वजह है कि बांधवगढ़ क्षेत्र के खूबसूरत रिसॉर्ट्स डेस्टिनेशन वेडिंग के नए केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।

बांधवगढ़ की पहचान अब वन्यजीव पर्यटन के साथ-साथ विवाह पर्यटन के रूप में भी बनने लगी है। पहले यहां देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पर्यटक बाघों का दीदार करने पहुंचते थे, लेकिन अब विवाह समारोहों के लिए भी रिसॉर्ट्स की मांग बढ़ रही है। एकादशी से विवाह मुहूर्त शुरू होने के साथ ही नवंबर महीने में बांधवगढ़ क्षेत्र के रिसॉर्ट्स में 12 से अधिक शादियों की बुकिंग हो चुकी है। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सीमित मेहमानों के बीच खास और यादगार आयोजन

डेस्टिनेशन वेडिंग की सबसे बड़ी विशेषता सीमित मेहमानों के बीच खास अंदाज में विवाह समारोह आयोजित करना है। इसमें बड़े स्तर पर भीड़ जुटाने और अनावश्यक दिखावे के बजाय परिवार के करीबी सदस्यों एवं चुनिंदा मेहमानों को आमंत्रित किया जाता है। रिसॉर्ट्स में मेहमानों के ठहरने, खानपान, सजावट और विवाह की विभिन्न रस्मों के लिए एक ही परिसर में व्यवस्थाएं उपलब्ध हो जाती हैं। इससे मेहमानों को अलग-अलग स्थानों पर आने-जाने की परेशानी नहीं होती। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विवाह की यादों को हमेशा के लिए संजोने की चाह रखने वाले परिवारों को यह नया अंदाज खासा आकर्षित कर रहा है।

पर्यटन कारोबार और स्थानीय रोजगार को मिल रहा बढ़ावा

बांधवगढ़ में विवाह आयोजनों की बढ़ती मांग पर्यटन व्यवसाय के लिए भी नए अवसर लेकर आई है। शादियों के आयोजन से रिसॉर्ट्स में कमरों की बुकिंग बढ़ने के साथ खानपान, सजावट, स्थानीय परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े कारोबारियों को भी काम मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और छोटे व्यवसायों को लाभ मिलने की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं। इस तरह वन्यजीव पर्यटन के साथ विवाह पर्यटन भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।

वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल की शांति बनाए रखना जरूरी

हालांकि, डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते आकर्षण के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। जंगल के बीच आयोजित होने वाले विवाह समारोहों में तेज संगीत, डीजे, रोशनी और मेहमानों की आवाजाही से वन क्षेत्र की शांति प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण, तेज रोशनी और अन्य गतिविधियों पर नियंत्रण रखना आवश्यक है, ताकि वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास और उनकी दिनचर्या पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बांधवगढ़ की असली पहचान यहां का घना जंगल, प्राकृतिक सुंदरता और बाघों सहित विविध वन्यजीव हैं। ऐसे में डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में इसकी बढ़ती लोकप्रियता पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए नया अवसर जरूर है, लेकिन इस आकर्षण को पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला