home page

मध्य प्रदेश में बदला मौसम, ग्वालियर-चंबल समेत कई संभागों में बारिश, आज 15 जिलों में अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में बदला मौसम, ग्वालियर-चंबल समेत कई संभागों में बारिश, आज 15 जिलों में अलर्ट


भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। पिछले 72 घंटे से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार को 15 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी बारिश दर्ज की गई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर दिन के तापमान पर भी पड़ा है और अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सिवनी और बालाघाट में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण है। इसके प्रभाव से इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार और शनिवार को भी इन संभागों के कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। बड़वानी जिले के सेंधवा, सीहोर और पीथमपुर में भी पानी गिरा, जबकि रीवा और सागर संभाग के कई इलाकों में बादल छाए रहे।

20 अक्टूबर के बाद रात में बढ़ेगी ठंड

अगले दो दिन यानी 18 और 19 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी-बारिश का असर रह सकता है। इसके बाद फिलहाल किसी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं, 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट आने और ठंडक बढ़ने की संभावना है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिलता है। इस साल भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना हुआ है। अक्टूबर की शुरुआत में कई जिलों में आसमान साफ होने से तेज धूप निकली, जबकि रात के समय ठंडक महसूस की गई। अब कई इलाकों में फिर से बारिश हो रही है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून इस साल 3 अक्टूबर को ही लौट चुका है। हालांकि, मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया। बीते एक सप्ताह से पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखा जा रहा है। कुछ स्थानों पर पिछले तीन दिनों के दौरान तेज बारिश भी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत