home page

दतिया में बदला मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश से गर्मी से मिली राहत

 | 
दतिया में बदला मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश से गर्मी से मिली राहत


दतिया, 08 मई (हि.स.)। मई माह की तपती गर्मी के बीच मध्य प्रदेश के दतिया जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से जिले में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। सामान्यतः मई में तेज धूप और झुलसाने वाली गर्मी का असर देखने को मिलता है, लेकिन इस बार मौसम अपेाकृत नरम बना हुआ है।

शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ आंधी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम में बदलाव के बावजूद दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन तेज गर्मी से लोगों को काफी राहत महसूस हुई। वहीं तेज आंधी के कारण जिले के कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इसके अलावा खरीदी केंद्रों पर खुले में रखा गेहूं भी बारिश में भीग गया, जिससे किसानों और संबंधित एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा