जरूआखेड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बिखरे मिले भीगे नोट, पुलिस ने जब्त कर शुरू की जांच
जबलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेल मंडल के जरूआखेड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर 10, 20 और 100 रुपये के नोट बिखरे मिलने से हड़कंप मच गया। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने लावारिस हालत में पड़े नोटों की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नरयावली थाना क्षेत्र की जरूआखेड़ा पुलिस चौकी से प्रभारी अनिल कुजूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी नोटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार प्लेटफॉर्म पर मिले अधिकांश नोट पानी में भीगे हुए थे। कई नोटों पर जंग के निशान दिखाई दिए, जबकि कुछ नोट काफी खराब होकर सड़-गल चुके थे। नोटों की स्थिति खराब होने के कारण पुलिस को उनकी गिनती करने में भी परेशानी हुई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बरामद रकम करीब एक हजार रुपये हो सकती है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल कुल राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रेलवे स्टेशन पर अचानक बड़ी संख्या में नोट मिलने की खबर के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि ये नोट किसी दान पेटी से संबंधित हो सकते हैं, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में किसी तरह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नोटों के स्रोत और उन्हें प्लेटफॉर्म पर छोड़े जाने की वास्तविक वजह सामने आएगी।
पुलिस ने बरामद नोटों को सुरक्षित रखकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किसी यात्री ने रकम गिरने या नोटों को वहां छोड़ने की सूचना पुलिस अथवा रेलवे को दी थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस नोटों को अलग-अलग कर उनकी वास्तविक संख्या और कुल राशि निर्धारित करने में जुटी है। नोट कहां से आए और उन्हें प्लेटफॉर्म पर किसने छोड़ा, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

