अनूपपुर: भरियाटोला के स्कूल-आंगनबाड़ी परिसर में महीनों से जलभराव, घुटने से अधिक पानी पार कर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
अनूपपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरा के भरियाटोला में संचालित शासकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के सामने जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। बारिश के बाद विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के मैदान में महीनों से पानी भरा हुआ है। हालात यह हैं कि नन्हे-मुन्ने बच्चों को प्रतिदिन घुटने से अधिक पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी जिम्मेदारों को दिए जाने के बावजूद अब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।
बारिश के पानी की निकासी नहीं होने के कारण पूरा मैदान जलमग्न है। बच्चों के लिए विद्यालय परिसर तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। बताया जा रहा है कि कई बच्चे इसी पानी से होकर आवागमन करने के साथ मैदान में खेलने को भी मजबूर हैं। इससे बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लंबे समय से जमा पानी में जहरीले जीव-जंतुओं के पनपने अथवा गिरने की आशंका बनी हुई है। बच्चे प्रतिदिन इसी पानी से होकर गुजरते हैं, ऐसे में किसी भी समय सांप या अन्य जहरीले जीव के संपर्क में आने से गंभीर घटना हो सकती है। इसके अलावा लगातार गंदे पानी में रहने से त्वचा संबंधी संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है। बारिश शुरू होते ही मैदान में पानी जमा होने लगा था। ग्रामीणों ने कई बार जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया, लेकिन न तो पानी की निकासी के लिए नाली या अन्य व्यवस्था बनाई गई और न ही समस्या का स्थायी समाधान किया गया।
विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसके बावजूद परिसर में महीनों से पानी जमा रहना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। बरसात के मौसम में जलभराव वाले स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के मैदान से तत्काल पानी निकाले जाने के साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर जिम्मेदारों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का मैदान लंबे समय से पानी में डूबा है। नन्हे छात्र-छात्राएं प्रतिदिन घुटने से अधिक पानी पार कर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं। जमा पानी में सांप व अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का डर है । ग्रामीणों की आपत्ति और सूचना के बावजूद जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई।
जलभराव से लगातार बने जोखिम के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सर्व शिक्षा अभियान जिला प्रमुख संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि अगर पानी भराव है तो पहले बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आपके द्वारा बात संज्ञान में आई है मैं अभी बीआरसी जैतहरी को भेज कर दिखवाता हूं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

