नर्मदापुरम: नहर फूटने से पूरी रात बहता रहा पानी, किसानों की जमीन डूबी
नर्मदापुरम, 21 नवंबर (हि.स.)। एक ओर कम बारिश के चलते क्षेत्र को सूखा घोषित कर प्रशासन जल संरक्षण और पानी की एक-एक बूंद बचाने के निर्देश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर सिंचाई विभाग की लापरवाही से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम सतवासा में बगवाड़ा वाली माइनर के ओवरफ्लो होने से पानी खेतों में भर गया। इससे करीब 20 एकड़ जमीन और फसल जलमग्न हो गई। घटना को लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, बगवाड़ा वाली माइनर शुक्रवार रातभर ओवरफ्लो होती रही। नहर का पानी खेतों से होता हुआ सीधे नाले में बह गया। इससे किसान बाबा यादव, रोहित प्रजापति और चंदन तोमर सहित अन्य किसानों की करीब 20 एकड़ जमीन जलमग्न हो गई। जनपद सदस्य शेर सिंह दरवार की जमीन भी पानी की चपेट में आई है। सूखे की स्थिति के बीच पानी की इस तरह बर्बादी और खेतों में जलभराव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौके पर पहुंचे जनपद पंचायत सदस्य शेर सिंह दरवार ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग नहरों की नियमित सफाई, उचित रखरखाव और मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहा है। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए पानी अमृत के समान है, ऐसे में सिंचाई के पानी की बर्बादी और किसानों की फसल को नुकसान पहुंचना गंभीर लापरवाही है।
जनपद सदस्य ने प्रशासन से मांग की है कि माइनर में पानी का बहाव तत्काल रोका जाए, प्रभावित किसानों की फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

