अनूपपुर: लगातार बारिश से निचले इलाकों में घुसा पानी, बारिश ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ा
अनूपपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती प्रभाव के कारण लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। जिससे खेतों में पानी भरने के साथ सोन, तिपान, चंदास, जोहिला और केवई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। वहीं नगर में जलभराव की स्थिति बन गई है। जिले में इस सीजन 1 जून से अब तक 758.8 मिमी औसत बारिश दर्ज हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (723.0 मिमी) से लगभग 38 मिमी अधिक है।
अनूपपुर नगर पालिका क्षेत्र के निचले और अव्यवस्थित जल निकासी वाले वार्डों (09, 06, 13, 10, 11 और 03) में जलभराव की स्थिति बन गई है। नालियों की समुचित व्यवस्था न होने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं और नालों का पानी रिहाइशी इलाकों में फैल रहा है।
अमरकंटक में सबसे अधिक 1143 मिमी बारिश
भू-अभिलेख विभाग के अनुसार जिले में इस सीजन सबसे अधिक बारिश अमरकंटक (1143.1 मिमी) और पुष्पराजगढ़ (935.8 मिमी) में दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में बिजुरी में 19.3 मिमी और पुष्पराजगढ़ में 22.4 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
धान की फसल को मिला जीवनदान
कृषि विभाग के अनुसार जिले में लक्षित 1 लाख 90 हजार हेक्टेयर खरीफ रकबे में से लगभग 99 फीसदी बुवाई पूरी हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश से धान की फसल को बड़ा फायदा पहुंचा है, जिससे किसानों में अच्छी पैदावार की उम्मीद जाग गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

