home page

क्षेत्रवासियों के विरोध पर शराब दुकान सील, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई

 | 
क्षेत्रवासियों के विरोध पर शराब दुकान सील, एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई


सतना, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सतना शहर के हनुमाननगर नई बस्ती (वार्ड क्रमांक-18) में खोली गई लाइसेंसी शराब दुकान को क्षेत्रवासियों के तीव्र विरोध के बाद प्रशासन ने गुरुवार को सील कर दिया। कार्रवाई एसडीएम राहुल सिलाड़िया की मौजूदगी में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे दुकान पर ट्रक से शराब की पहली खेप पहुंची थी। गुरुवार सुबह ठेकेदार द्वारा नारियल फोड़कर दुकान का शुभारंभ भी कर दिया गया और कुछ समय के लिए बिक्री शुरू हुई। इसी बीच जैसे ही बस्ती में शराब दुकान खुलने की जानकारी फैली, वार्ड 18 के रहवासी बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड पार्षद मनीषा अजय सिंह ने किया। सूचना मिलने पर एसडीएम राहुल सिलाड़िया राजस्व अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दुकान को सील करवा दिया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी क्षेत्रवासियों ने शनिवार को प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था। उस दौरान एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से चर्चा की थी और बस्ती के बीच नियमों के विरुद्ध दुकान नहीं खोलने का आश्वासन दिया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर दुकान खोली गई, वह पूर्णतः आवासीय क्षेत्र है। आसपास मंदिर, पीपल वृक्ष के नीचे स्थापित भगवान शंकर की प्रतिमा और एक निजी विद्यालय भी स्थित है, जिससे क्षेत्र के माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई।

विरोध के दौरान पूर्व पार्षद अजय सिंह सहित अन्य नागरिकों ने सवाल उठाया कि जब पूर्व में भी इसी वार्ड से जनविरोध के चलते शराब दुकान हटाई जा चुकी थी, तो नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में पुनः उसी स्थान पर अनुमति कैसे दी गई। फिलहाल प्रशासन द्वारा दुकान सील किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी