home page

किसानों की आवाज बनकर सरकार और संगठन के बीच सेतु बने किसान मोर्चा: हेमंत खंडेलवाल

 | 
किसानों की आवाज बनकर सरकार और संगठन के बीच सेतु बने किसान मोर्चा: हेमंत खंडेलवाल


- भाजपा के तीन मोर्चों की बैठक में हेमंत खंडेलवाल ने साधा संगठन विस्तार पर जोर

भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा, किसान मोर्चा और युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चों की जिम्मेदारी केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है।

हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से लगातार संवाद करें, उनकी समस्याओं को समझें और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और संगठन तथा जनता के बीच मजबूत सेतु बनाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कांग्रेस पर अंबेडकर के अपमान का आरोप

अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में खंडेलवाल ने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब के विचारों और संविधान के प्रति सम्मान को प्राथमिकता देती है। उनके अनुसार, भाजपा सरकारों ने गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया है।

उन्होंने मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के बाद हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में बिजली, सड़क और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ऐसे गांवों को भी मुख्य मार्गों से जोड़ा गया, जो पहले आवागमन की बेहतर सुविधाओं से वंचित थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक को अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने भी संबोधित किया। मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

किसान मोर्चा किसानों की आवाज बने

किसान मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को किसान वर्ष घोषित किया है। ऐसे में किसान मोर्चा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझने और सरकार तथा संगठन तक उनकी बात पहुंचाने को कहा। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि किसान मोर्चा सरकार और किसानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। किसानों तक योजनाओं, निर्णयों और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी मोर्चा को सक्रिय रहना होगा।

उन्होंने सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 से पहले प्रदेश में सिंचाई का रकबा करीब साढ़े सात लाख हेक्टेयर था, जो भाजपा सरकारों के कार्यकाल में बढ़कर करीब 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित किसानों से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इनके बारे में किसानों को तथ्यात्मक जानकारी देने को कहा।

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि किसानों को उनकी उपज के बेहतर बाजार और मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। किसान मोर्चा को गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद बढ़ाना चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रभावी पहल करनी चाहिए। बैठक को किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने भी संबोधित किया। इस दौरान मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा सहित प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री मौजूद रहे।

युवाओं तक तथ्यों के साथ पहुंचें कार्यकर्ता

युवा मोर्चा की बैठक में खंडेलवाल ने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को युवाओं के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन और सरकार के कार्यों की तथ्यात्मक जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में युवाओं तक सही और प्रमाणित जानकारी पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आंकड़ों और तथ्यों के आधार पर सरकार की उपलब्धियां युवाओं के सामने रखें तथा उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करें।

खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार रोजगार, निवेश, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, स्वरोजगार के साथ सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में काम कर रही हैं। युवा मोर्चा इन योजनाओं और उपलब्धियों को युवाओं तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि सकारात्मक कार्यों और मुद्दों के माध्यम से समाज में संगठन की स्वीकार्यता बढ़ाई जा सकती है। युवा कार्यकर्ताओं को सभी वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उनके हितों के लिए काम करना चाहिए। बैठक को युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भी संबोधित किया। मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे