अनूपपुर: भ्रष्टाचार के विरोध में पोड़ी के ग्रमीणों ने किया चक्का जाम, घंटों बाधित रहा शहडोल-अमरकंटक मार्ग
अनूपपुर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में विकास कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर फूटा और शहडोल-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर ग्राम पोड़ी के समीप चक्का जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बंद रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तहसीलदार एवं जनपद सीईओ और पुलिस के अधिकारी के आश्वासन के बाद जाम खुला।
पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी के ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम पंचायत में विभिन्न निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया, जबकि कई कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देते। इस संबंध में पूर्व में कई बार जनसुनवाई और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें सौंपने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिकायतों के बावजूद मामले की जांच लंबित है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। चक्का जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार एवं जनपद सीईओ सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना और शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पुनः सामान्य हो सका।
थाना प्रभारी अमरकंटक लाल बहादुर तिवारी ने बताया कि पंचायत में हुए भ्रष्टाचार को लेकर के ग्रामीणों ने चक्का जाम किया था अधिकारियों के आश्वासन के बाद वह मान गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

