home page

राजगढ़ःजिले में 6 मार्च को होगा विकसित भारत युवा संसद का आयोजन

 | 
राजगढ़ःजिले में 6 मार्च को होगा विकसित भारत युवा संसद का आयोजन


राजगढ़,28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में 6 मार्च को प्रातः10 बजे से स्थानीय प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में विकसित भारत संसद 2026 के तहत जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का विषय आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र के महत्वपूर्ण एतिहासिक अध्याय आपातकाल के संदर्भ में चर्चा, विचार- विमर्श एवं तार्किक प्रस्तुति का अवसर प्रदान करेगा। जिला स्तरीय युवा संसद में जिले के सभी विद्यार्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया है साथ ही जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष के बीच है। पात्र प्रतिभागी संसदीय प्रक्रिया की तर्ज पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सार्थक संवाद स्थापित करेंगे।

इस मंच के माध्यम से युवा न केवल इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण करेंगे, बल्कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल तथा संवैधानिक समझ का विकास करना है। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद 2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रीय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से अपने विचार रखने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। यह कार्यक्रम संस्था प्राचार्य डाॅ.वीबी.खरे के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए महाविद्यालयीन समिति का गठन किया गया है, जिसमें संयोजक डाॅ. मंगलेश सोलंकी, सहसंयोजक डाॅ.शैलेन्द्रकुमार मेवाड़ा को दायित्व सौंपा गया है। प्राचार्य डाॅ. खरे ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं तथा संसदीय प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक