home page

राजगढ़ःजिले में गुरुवार को होगा विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन, राज्यमंत्री पंवार होंगे मुख्य अतिथि

 | 
राजगढ़ःजिले में गुरुवार को होगा विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन, राज्यमंत्री पंवार होंगे मुख्य अतिथि


राजगढ़,18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव 2026 का भव्य आयोजन गुरुवार, 19 मार्च को जिला मुख्यालय राजगढ़ में किया जाएगा। सृष्टि आरंभ दिवस एवं वर्ष प्रतिपदा (विक्रम संवत 2083) के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक वैभव,परंपराओं और गौरवपूर्ण इतिहास का विराट प्रदर्शन होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारायण सिंह पंवार, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग होंगे। विभिन्न जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक इस आयोजन की गरिमा को बढ़ाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा नव संवत्सर के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर उद्बोधन देंगे।मंच पर प्रस्तुति दल द्वारा ब्रम्ह ध्वज वंदन होगा,जबकि अतिथि ब्रम्ह ध्वज वंदन एवं पुस्तकों के वितरण में सहभागिता करेंगे।जिला प्रशासन द्वारा विक्रम संवत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर भी विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में महाराजा विक्रमादित्य के प्रेरक जीवन पर आधारित नाट्य-प्रस्तुति शामिल है,जिसका मंचन मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट जनों के उद्बोधन होंगे। समापन आभार प्रदर्शन के साथ होगा। अतिथियों का आगमन प्रातः 9ः55 बजे से आरंभ होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नव संवत्सर 2083 का सामूहिक उत्साहपूर्वक स्वागत करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक