राजगढ़ः विकास और जनकल्याण का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचे राज्यमंत्री पंवार
राजगढ़,13 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का शनिवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने दौरा कर लोगों से संवाद किया। यह जनसंपर्क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किया गया। इस मौके पर उन्होंने ग्राम छोटा बैरसिया, पिपल्याधाकड़, सोनकच्छ और मलावर सहित कई गांवों में नागरिकों, वरिष्ठजनों और प्रबुद्ध वर्ग से मुलाकात कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। दौरे के दौरान मंत्री पंवार ने ग्राम पिपल्याधाकड़ में लगभग 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी तथा गांव के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। अभियान के दौरान मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया तथा ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने। मलावर थाना परिसर में पौधारोपण करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कल्याणसिंह गुर्जर, दिनेश मीणा, लखन भंडारी, श्रीनाथ गुप्ता, रामेश्वर दांगी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

