home page

राजगढ़ःविहिप गोरक्षा विभाग ने गोवंश हत्या-तस्करी पर जताई गंभीर चिंता, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

 | 
राजगढ़ःविहिप गोरक्षा विभाग ने गोवंश हत्या-तस्करी पर जताई गंभीर चिंता, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा विभाग ने जिले में बढ़ती गोवंश हत्या और तस्करी की घटनाओं को अत्यंत गंभीर बताते हुए मंगलवार को तहसीलदार आनंद जायसवाल को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

बकरीद के पूर्व विभाग ने मांग की कि अवैध गोवंश परिवहन, गोहत्या और तस्करी पर सख्त व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग ने ज्ञापन में कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जन-आरोग्य का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए उसकी सुरक्षा किसी भी परिस्थिति में प्राथमिकता होनी चाहिए। संगठन ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कठोर गोवंश-रक्षा कानून होने के बावजूद पुलिस प्रशासन की लापरवाही, असंवेदनशीलता और कुछ मामलों में मिलीभगत के कारण अपराधी लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में कुरावर के साहूखेड़ी, सारंगपुर और उदनखेड़ी के एक ढाबे से गोमांस बरामद होना इस बढ़ते खतरे का स्पष्ट संकेत बताया गया।

विहिप ने चिंता व्यक्त की कि स्थिति इतनी विकराल हो रही है कि गोरक्षकों को बार-बार सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो न तो उचित है और न ही सामाजिक सौहार्द के लिए अनुकूल। विभाग ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि गोहत्या और तस्करी के मामलों में स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित व कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक संगठनों को विरोध या आंदोलन का सहारा न लेना पड़े। इसके साथ ही, विहिप ने मुस्लिम समाज के विद्वानों, वरिष्ठ नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों से भी अपील की कि वे अपने समाज में गोसंरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश दें और आपसी सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग मंत्री अशोक गुप्ता,विभाग सेवा प्रमुख डॉ. अशोक अग्रवाल, विभाग गोरक्षा प्रमुख राजेन्द्रसिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, मुकेश शर्मा, जिला मंत्री हर्ष तोमर,जिला प्रचारप्रसार प्रमुख मनोज पाठक,जिला सहसंयोजक शैलेंद्रसिंह नरुका,जिला गौरक्षा प्रमुख प्राचीर मिश्रा, विजय कुशवाहा, अमृत विश्वकर्मा, देवराज दांगी और नरेंद्र लववंशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक