home page

विदिशा में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, बच्चों सहित 20 घायल

 | 
विदिशा में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, बच्चों सहित 20 घायल


विदिशा, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और मासूम बच्चों सहित करीब 20 मजदूर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर सवार थे, जिनके साथ छोटे बच्चे भी मौजूद थे।

सूचना मिलते ही कुरवाई थाना प्रभारी आरके मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तुरंत कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 55 वर्षीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और उमरिया निवासी 65 वर्षीय मजदूर दरबारी कौल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चालक की लापरवाही आई सामने

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक वाहन चलाते समय तंबाकू खाने लगा था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। थाना प्रभारी आरके मिश्रा ने बताया कि ट्रॉली में कुल 22 लोग सवार थे, जो खेतों में मूंग की फसल की कटाई के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल 20 वर्षीय दिव्या कोल और 35 वर्षीय रजनी कोल की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कुरवाई अस्पताल में जारी है। पुलिस प्रशासन अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे