विदिशाः नेशनल लोक अदालत में 1716 प्रकरणों का निराकरण
विदिशा, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायालय के तत्वावधान में शनिवार को जिला एवं तहसील स्तर पर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 1716 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 21 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शेख सलीम के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया। जिला मुख्यालय विदिशा में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण हेतु कुल 34 खंडपीठों का गठन किया गया था। इनमें आपराधिक शमनीय प्रकरण, सिविल प्रकरण, धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, राजस्व, वैवाहिक, विद्युत, जल एवं संपत्तिकर संबंधी प्रकरणों सहित बैंक वसूली से जुड़े मामलों का निराकरण किया गया।
न्यायालयों में लंबित 1395 प्रकरण एवं प्रीलिटिगेशन के 9078 प्रकरण निराकरण हेतु प्रस्तुत किए गए, जिनमें न्यायालयों में लंबित 941 प्रकरण तथा 775 प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया। इस प्रकार कुल 1716 प्रकरणों का निराकरण आपसी राजीनामे के आधार पर किया गया। इन प्रकरणों में लगभग 5 करोड़ 99 लाख 98 हजार 28 रुपए की सेटलमेंट राशि निर्धारित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

