home page

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने महाकालेश्वर मंदिर में किए दर्शन, व्यवस्था की सराहना

 | 
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने महाकालेश्वर मंदिर में किए दर्शन, व्यवस्था की सराहना


उज्जैन, 25 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने बुधवार काे उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्हाेंने नंदी हॉल से भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

वसुंधरा राजे सिंधिया बुधवार सुबह लगभग 10 बजे मंदिर पहुंची। दर्शन के पश्चात उन्होंने भगवान वीरभद्र का पूजन किया तथा श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह में निकलने वाले ध्वज का भी विधिवत पूजन किया। नंदी हॉल में नंदी महाराज का पूजन कर बाबा महाकाल को जल अर्पित किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल एवं सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। भगवान महाकाल का आशीर्वाद हम सब पर बना रहा है। सुख और दुख—दोनों ही परिस्थितियों में श्रद्धालु भगवान शिव की शरण में आते हैं। उन्होंने मंदिर की दर्शन व्यवस्था को “बेहद सुलभ और उत्कृष्ट” बताते हुए इसके लिए प्रबंधन और सरकार की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे