अनूपपुर: सात महीने का वेतन नहीं मिलाने से नाराज नपा कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय की नगरपालिका के कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी कई रुकी हुई समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर अपर कलेक्टर बलवीर रमण को ज्ञापन सौंपा है।
मप्र नगरपालिका-निगम कर्मचारी महासंघ के बैनर तले आज कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौप कर आरोप लगाते हुए बताया कि नगरपालिका अधिकारी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बार-बार हड़ताल करने के बाद भी बजट की कमी का बहाना बना देते है। अधिकारी केवल एक या दो महीने की सैलरी देकर बाकी पैसे अगले महीने देने का भरोसा दिलाते हैं, लेकिन बाद में भुगतान नहीं किया जाता।
कर्मचारियों ने बताया कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। उन्हें पिछले सात महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसके चलते उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
तीन मुख्य मांगें
अनूपपुर नगरपालिका में 10 साल से ज्यादा समय से काम कर रहे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को सरकारी आदेश के मुताबिक मिलने वाला 1600 रुपए का विशेष भत्ता फिर से दिया जाए, जिसे अप्रैल 2026 से बंद कर दिया गया है। नगरपालिका में काम करने वाले नियमित कर्मचारियों की जनवरी से लेकर अब तक की रुकी हुई सैलरी तुरंत दी जाए। श्रम अधिनियम 2026 के तहत सभी कर्मचारियों को हर महीने की 7 तारीख तक सैलरी मिलना पक्के तौर पर तय किया जाए और इसके लिए जरूरी निर्देश जारी किए जाएं।
पूर्व में भी हो चुकी हैं हड़ताल
इससे पूर्व में भी अपनी मांगों को लेकर नपा कर्मचारी एक हफ्ते तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ चुके हैं। उस समय जब नगरपालिका के काम ठप होने लगे, तो अधिकारियों ने एक-दो महीने का पैसा देकर जल्द ही बाकी भुगतान करने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

