इंदौर में 12वीं की छात्रा के सुसाइड के बाद हंगामा, परिजनों ने युवक पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
इंदौर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के परदेशीपुरा क्षेत्र में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने शुक्रवार सुबह फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने एक युवक पर छात्रा को लगातार परेशान करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और शव रखकर चक्काजाम किया।
परिजनों के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाला नमन नामक युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। परिवार का दावा है कि छात्रा ने करीब एक माह पहले परदेशीपुरा थाने में लिखित शिकायत भी दी थी, जिसमें युवक पर पीछा करने, धमकाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी देने जैसे आरोप लगाए गए थे। परिजनों का कहना है कि शिकायत के बावजूद मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार सुबह छात्रा को उसके पिता ने कमरे में फंदे पर लटका देखा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और भय के माहौल के कारण छात्रा तनाव में थी। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना से नाराज परिजनों और कुलकर्णी भट्टा क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा पूर्व में दी गई शिकायत सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

