home page

(अपडेट) कांग्रेस लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल, अराजकता की राजनीति कर रही है : हेमंत खण्डेलवाल

 | 
(अपडेट) कांग्रेस लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल, अराजकता की राजनीति कर रही है : हेमंत खण्डेलवाल


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदर्शन किया

भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के निकट किए गए धरना-प्रदर्शन के विरोध में राजधानी भाेपाल के रेडक्रॉस अस्पताल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। भारी बारिश के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यालय के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक विपक्ष की रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय प्रायोजित अराजकता की राजनीति कर रही है। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करना और विदेशों में भारत की छवि को लेकर नकारात्मक बयान देना कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा बन गया है।

खण्डेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीतिक हितों के लिए देश की उपलब्धियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता कई बार कांग्रेस को नकार चुकी है, लेकिन पार्टी अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने की मांग की कि विदेशी मंचों पर भारत, उसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था और न्यायपालिका को लेकर लगातार सवाल क्यों उठाए जाते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है। भाजपा लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

'युवाओं के हित में प्रतिबद्ध है केंद्र सरकार'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों और युवाओं के मुद्दों का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर विषय पर सार्थक चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संवाद के बजाय टकराव की राजनीति को प्राथमिकता देता है। खण्डेलवाल ने कहा कि नीट-यूजी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बारिश में भी जुटे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता

भाजपा के विरोध मार्च में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रेडक्रॉस अस्पताल से कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च किया। कांग्रेस कार्यालय के निकट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक नारों की गूंज सुनाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे