home page

(अपडेट) अटल जी की दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा की विरासत सदैव प्रेरणा देती रहेगी: नरेंद्र सिंह तोमर

 | 
(अपडेट) अटल जी की दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा की विरासत सदैव प्रेरणा देती रहेगी: नरेंद्र सिंह तोमर


भोपाल, 16 अगस्त (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को प्रोफेसर कॉलोनी स्थित साईं मंदिर परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धेय अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम को विधायक श्री भगवानदास सवनानी ने भी संबोधित किया।

अटल जी की संवेदना ने गांव की पीड़ा को समझा : नरेंद्र सिंह तोमर

मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की उपलब्धियां केवल प्रधानमंत्री पद तक सीमित नहीं थीं। उनके पीछे वर्षों की तपस्या, दूरदृष्टि, संवेदनशीलता और सामान्य व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने की गहरी चिंता थी।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश के लगभग छह लाख गांवों को सड़कों से जोड़ने का सपना देखा था। उन्होंने ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझा। सड़क के अभाव में किसानों को अपना दूध और अन्य उत्पाद बेहद कम कीमत पर बेचने पड़ते थे। अटल जी ने समझा कि गांव सड़क से जुड़ेंगे तो किसान का उत्पाद बाजार तक पहुंचेगा और उसकी आय बढ़ेगी। इसी दूरदृष्टि से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अस्तित्व में आई और उसने देश के ग्रामीण परिवेश की तस्वीर बदल दी।

नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पद के पीछे नहीं भागना चाहिए। अपने गुणों और कार्यक्षमता के कारण कद बड़ा करने तथा उन्हीं गुणों के माध्यम से संगठन का विस्तार करने का लक्ष्य लेकर काम करना चाहिए। अटल जी का विचार था कि विकास की शुरुआत उन क्षेत्रों से होनी चाहिए, जहां हमें समर्थन नहीं मिला है। विकास वहां पहुंचेगा तो संगठन का विस्तार भी होगा।

पोखरण परीक्षण राष्ट्रहित में लिया गया साहसिक निर्णय था

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण न भाजपा के हित में था और न ही अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तिगत हित में। यह भारत माता और राष्ट्रहित में लिया गया साहसिक निर्णय था। अटल जी ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ इसे पूरा किया और इसकी गोपनीयता को अंत तक बनाए रखा। दुनिया को इसकी जानकारी तब मिली, जब उन्होंने स्वयं भारत के सफल परमाणु परीक्षण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि अटल जी मानते थे कि व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके मन और विचारों से होती है। वे पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन की बुनियाद मानते थे और कहते थे कि कोई भी पुराना कार्यकर्ता पार्टी से टूटना नहीं चाहिए। मजबूत बुनियाद पर ही संगठन का मजबूत भवन खड़ा होता है। करोड़ों कार्यकर्ताओं ने उनकी इस भावना को अपना मंत्र बनाया और यही संगठन आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है।

अटल जी केवल व्यक्ति नहीं, एक युग थे : हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक युग थे। उनकी सोच में दूरदृष्टि, व्यवहार में आत्मीयता, वाणी में ओज, कविता में संवेदनशीलता और राजनीति में राष्ट्र सर्वोपरि था।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारत को विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रहित की नई दिशा दी। वे केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के हृदय में बसे हुए हैं। अटल जी ने सिखाया कि जीवन में कितनी भी ऊंचाइयों पर पहुंचें, अपनी जड़ों, अपने अतीत और अपने मूल विचारों को कभी नहीं भूलना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि अटल जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणा देती रहेगी। यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के उस संकल्प की जीवंत स्मृति है, जिसे अटल जी ने अपने जीवन से स्थापित किया। उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में उतारकर राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा और सुशासन की प्रेरणा : डॉ. महेंद्र सिंह

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी पत्रकार, कवि, राजनेता, नेता प्रतिपक्ष, सांसद और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की अद्भुत सेवा करने वाले महान व्यक्तित्व थे। उनके जीवन का प्रत्येक अध्याय राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा।

उन्होंने कहा कि अटल जी तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने और उनके तीनों कार्यकाल राष्ट्र निर्माण की दृष्टि से ऐतिहासिक रहे। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, सामरिक शक्ति और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना गांवों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने वाली उनकी दूरदृष्टि का उदाहरण है।

डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण के बाद लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों के बावजूद अटल जी ने दृढ़ता के साथ देश का नेतृत्व किया और दुनिया को भारत की सामरिक शक्ति तथा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। कारगिल युद्ध के दौरान भी उन्होंने देश के वीर जवानों का मनोबल बढ़ाया और भारत ने पूरी दुनिया के सामने अपने सामरिक सामर्थ्य तथा राष्ट्रीय संकल्प का परिचय दिया।

उन्होंने अटल जी की कविता की पंक्तियों “छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता”का स्मरण करते हुए कहा कि उनका यह संदेश आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता को संघर्ष में धैर्य, विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास और राष्ट्रहित में अडिग रहने की प्रेरणा देता है। डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि अटल जी का जीवन हमें सिखाता है कि राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का संकल्प है। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र प्रथम की भावना सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

कार्यक्रम का आभार महापौर मालती राय ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश ीमीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे