मंदसौर में अनूठी पहल, वर-वधु ने विवाह से पूर्व स्व-गणना फॉर्म भरकर दिया जागरूकता का संदेश
मंदसौर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले सुवासरा क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां विवाह समारोह के दौरान वर एवं वधु ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए जनगणना अंतर्गत स्व-गणना फॉर्म भरकर जागरूकता का संदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर दीपक फरक्या पुत्र रामचंद्र फरक्या, निवासी - खेजड़िया) एवं वधु संतोष पुत्री जगदीश धनोतिया, निवासी - महुआ ने सोमवार को अपने विवाह स्थल पोरवाल परिणय रिसोर्ट, सुवासरा में मंडप में प्रवेश करने से पूर्व अपनी-अपनी पारिवारिक जानकारी का स्व-गणना फॉर्म आॅनलाइन भरकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।इस पहल के माध्यम से उन्होंने न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक को स्वयं आगे आकर अपनी जानकारी दर्ज करनी चाहिए, जिससे शासन की योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव हो सके। उपस्थित जनसमूह ने इस कदम की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

