केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर जीतू पटवारी का बयान, बोले- यह छात्रों के संघर्ष और लोकतांत्रिक दबाव की जीत
भोपाल, 25 जुलाई (हि.स.)।मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे देशभर के छात्रों, अभिभावकों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक दबाव का परिणाम है और इससे जवाबदेही तय करने की दिशा में शुरुआत हुई है।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं, परीक्षा संबंधी विवादों और पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित किया है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न परीक्षाओं के निरस्त होने और कथित पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के आंदोलन ने सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनाया। उनके अनुसार, यह घटनाक्रम लोकतांत्रिक संघर्ष की ताकत को दर्शाता है।
पटवारी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को संसद और सड़क दोनों जगह लगातार उठाया तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम उसी प्रयास का परिणाम है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में सामने आए कथित भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
जीतू पटवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा अंत नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया की शुरुआत है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएं और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।
सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं-
शिक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं से जुड़े दोषियों तथा उनके कथित संरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रभावित छात्रों को न्याय मिले और ऐसी परीक्षा व्यवस्था विकसित की जाए, जिसमें प्रतिभा को प्राथमिकता मिले।
पटवारी ने कहा कि देश का युवा अब शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही चाहता है तथा भविष्य में भी इन मुद्दों पर आवाज उठाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

