home page

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर गूंजी किलकारी, पोती के आगमन से परिवार में खुशी का माहौल

 | 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर गूंजी किलकारी, पोती के आगमन से परिवार में खुशी का माहौल


भोपाल, 21 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर खुशियों ने दस्तक दी है। उनके बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान के घर बेटी ने जन्म लिया है। बड़ी बहू अमानत ने एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया, जिसके बाद पूरे परिवार में उल्लास और उत्साह का माहौल बन गया। नन्हीं बच्ची का नाम कार्तिकेय चौहान ने ‘इला’ रखा है।

बेटी के जन्म की खबर मिलते ही परिवार के सभी सदस्य भावुक और आनंदित नजर आए। खास पल उस समय देखने को मिला जब दादा बने शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पोती को पहली बार देखा और उसके कान में गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। डॉक्टरों के ऑपरेशन थिएटर से बाहर आते ही जैसे ही बच्ची को परिजनों को सौंपा गया, खुशी से सभी झूम उठे। शिवराज सिंह चौहान लगातार गायत्री मंत्र का जाप करते रहे और वही मंत्र उन्होंने पोती को भी सुनाए।

कार्तिकेय चौहान अपनी बेटी को गोद में लेकर बेहद भावुक दिखाई दिए। वह बच्ची को निहारते रहे और उसके कान में कुछ कहते हुए नजर आए। पिता बनने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। परिवार के अन्य सदस्य भी इस पल के साक्षी बनकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।

इस खुशी के मौके को शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई है। कार्तिकेय पिता बन गए, अमानत मां। कोकिला अब दादी जी हैं और मैं दादा। कुणाल और ऋद्धि चाचा-चाची। अनुपम जी नाना, रुचिता जी नानी और आर्यन मामा। 2025 में हमारे घर दो बेटियां आईं-अमानत और ऋद्धि। 2026 में फिर बेटी इला का शुभ आगमन हुआ। स्वागतम लक्ष्मी।”

पोस्ट के माध्यम से उन्होंने बेटी के जन्म को ‘लाडली लक्ष्मी’ बताते हुए नारी शक्ति और बेटी के महत्व को भी रेखांकित किया। शिवराज सिंह चौहान पहले से ही बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के पक्षधर रहे हैं और यह खुशी उनके लिए विशेष मानी जा रही है। परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों की ओर से लगातार बधाइयों का तांता लगा हुआ है। नन्हीं इला के आगमन से चौहान परिवार में खुशियों की नई शुरुआत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी