इंदौर के सांवेर-उज्जैन रोड पर लावारिस मिले तीन बैग, 2.83 करोड़ रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद
- नोटों के बीच भरे थे रंगीन कागज, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर, 07 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर-उज्जैन रोड पर गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़े तीन संदिग्ध बैगों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। बैगों की तलाशी लेने पर पुलिस को 500 रुपये के नोटों की 566 गड्डियां मिलीं, जिनका कुल मूल्य करीब 2 करोड़ 83 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण थाना पुलिस को गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे एक स्थानीय किसान ने सड़क किनारे पड़े इन बैगों की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही टीआई गिरजाशंकर महोबिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मौजूदगी में बैगों को खोला गया, तो ऊपर और नीचे नोटों की गड्डियां सजी हुई थीं। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर पता चला कि करीब 130 से अधिक गड्डियों में ऊपर के नोट तो असली जैसे दिख रहे हैं, लेकिन उनके बीच में अलग-अलग रंगों के कागज भरे हुए थे।
एडिशनल एसपी (महू) रूपेश द्विवेदी के अनुसार, शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि गड्डियों के ऊपर लगे कुछ नोट असली हैं, जबकि नीचे के हिस्से में नकली नोट या सादे कागज रखे गए हैं। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि बरामद किए गए नोट वास्तव में असली हैं या जाली। इसके लिए विशेषज्ञों और बैंक अधिकारियों की मदद ली जा रही है।
फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और कागजों से भरे ये बैग हाईवे पर कौन और किस उद्देश्य से छोड़कर गया है। संदिग्धों की पहचान के लिए हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस मामले को धोखाधड़ी या किसी अवैध लेन-देन के एंगल से जोड़कर भी देख रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

